उधमपुर। सलाथिया चौक के समीप धार रोड किनारे प्रियंका देवी ने आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए डिस्पोजेबल यूनिट स्थापित कर आत्मनिर्भरता की नींव रखी है। मिशन युवा योजना के तहत बैंक ऋण प्राप्त कर उन्होंने कारोबार शुरू किया, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।
प्रियंका देवी ने बताया कि शुरू से ही सपना था कि वह स्वरोजगार करें। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मिशन युवा योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की और बैंक से ऋण लेकर सपने को साकार किया। आज यूनिट में डिस्पोजेबल सामान जैसे प्लेट, कप और अन्य उपयोगी सामग्री तैयार की जा रही है।
वर्तमान समय में महिलाओं का सशक्त होना बेहद जरूरी है। यदि महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी तो वे परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी। प्रियंका का मानना है कि महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए आगे आना चाहिए।
प्रियंका देवी ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि मिशन युवा जैसी पहल युवाओं और खासकर महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इससे न केवल बेरोजगारी कम होगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। स्थानीय लोगों ने भी प्रियंका देवी के प्रयास की प्रशंसा की है।