उधमपुर: नगर परिषद के पार्षद जानकारी देते हुए.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। नगर परिषद अध्यक्ष के खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव पर 22 सितंबर को हुए मतदान का स्थगित परिणाम अब 12 अक्तूबर को सार्वजनिक हो सकता है। क्योंकि, बागी पार्षदों का कहना है कि अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 14 नवंबर से बदलकर 12 अक्तूबर कर दी है।
प्रेसवार्ता में पार्षद प्रीति खजूरिया, सुनील प्रोच, जगदीश कुमार ने नप अध्यक्ष डॉ. जोगेश्वर गुप्ता पर आरोप लगाया कि फ्लोर टेस्ट मतदान पर स्टे ऑर्डर के नाम पर उन्होंने शहरवासियों को गुमराह किया है। सच देर से ही सही लेकिन सामने जरूर आता है। प्रीति खजूरिया ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद अध्यक्ष द्वारा कुर्सी बचाने के लिए ताक पर लिए गए सभी नियमों का तमाशा पूरे शहर ने देखा है। अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद फ्लोर टेस्ट और मतदान की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। लेकिन, कोर्ट के आदेशानुसार परिणाम सार्वजनिक करने पर 14 नवंबर तक रोक लग गई।
उन्होंने कहा कि डिवीजन बेंच में दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद कोर्ट ने 14 नवंबर की तिथि को बदलकर 12 अक्टूबर कर दिया है। इसके मुताबिक लिफाफे में बंद मतदान के परिणाम को अब 12 अक्टूबर को सार्वजनिक किया जाना है।