रामनगर। कस्बे के बीडीसी अध्यक्ष देशराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर वीरवार को उन्होंने एक प्रेसवार्ता की। इस वीडियो की बातों को नकारते हुए उन्होंने कहा कि यह वीडियो फर्जी है। इस झूठ को फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस से भी शिकायत कर दी गई है।
बीडीसी अध्यक्ष के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में बताया जा रहा था कि उनके खिलाफ रामनगर के सरपंचों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। इस वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए बीडीसी अध्यक्ष ने प्रेसवार्ता में कहा कि सभी 18 सरपंच उनके साथ हैं। सभी सरपंचों का समर्थन उनके पक्ष में है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो फर्जी है। इसे फैलाने वाले पोर्टल के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए।
इस दौरान उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जिस पोर्टल पर वीडियो अपलोड हुआ है, उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि इस मामले में लिखित शिकायत रामनगर पुलिस स्टेशन में की जा चुकी है। इस दौरान सरपंच कुलदीप सिंह, सरपंच स्वर्ण सिंह, सरपंच सुनील कुमार, सरपंच शक्ति देवी, आदि मौजूद थे।