चिनैनी। कस्बे के वार्ड एक में रविवार रात को बंद हुई बिजली लोहड़ी की पूर्व संध्या पर बहाल होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। सबसे पहले लोगों ने अपने मोबाइल फोन चार्ज किए। गौरतलब रहे कि रविवार रात को चिनैनी कस्बे के वार्ड एक में ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली बंद हो गई थी। सोमवार को ट्रांसफार्मर को ठीक करने का प्रयास किया गया। मंगलवार को नया ट्रांसफार्मर लगा कर लोहड़ी की पूर्व संध्या पर बिजली को बहाल कर दिया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। सनद रहे कि इस वार्ड में दो सप्ताह में तीसरी बार ट्रांसफार्मर में खराबी आई थी, जिस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है। बिजली बंद होने से कारोबारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। उधर, ठंड के बीच लोगों ने अंधेरे में रातें गुजारने पड़ी हैं। लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस वार्ड में उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाए।