संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली की समस्या को दूर करते हुए पूर्व विधायक रणबीर सिंह पठानिया ने देहमा में बढ़ाई गई क्षमता वाला 33/11 केवी रिसीविंग स्टेशन का शुभारंभ किया। यह क्षेत्र में स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में मील का पत्थर है।
विशेष रूप से जल जीवन मिशन (जेजेएम) मशीनरी पंपिंग संचालन के कारण बढ़ती मांग और स्थानीय कृषकों, बागवानी और फूलों की खेती करने वालों को मोटर जैसे बिजली उपकरण चलाने में लाभ मिलेगा। इस पहल के तहत सात करोड़ रुपये की लागत वाली योजना ''मानसर झील पर अवसंरचना का व्यापक विकास'' को मंजूरी दी गई है, जिसका उद्देश्य बिजली वितरण नेटवर्क को और बेहतर बनाना, सबस्टेशनों को उन्नत करना और मौजूदा ग्रिड को आधुनिक बनाना है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि यह योजना इस क्षेत्र के लोगों के सामने आने वाली अधिकांश बिजली संबंधी चुनौतियों का समाधान करेगी। मानसर में पर्यटन को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों, बैटरी कार/ई-रिक्शा के लिए प्रावधान, चार्जिंग और पार्किंग स्थलों का विकास होगा। वहीं, यह योजना मानसर झील पर म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का संचालन व गेम जोन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विधायक ने बिजली के बुनियादी ढांचे के लिए भविष्य की योजना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सैतेनी में आगामी 10 एमवीए ग्रिड स्टेशन के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई जिससे जगानू और आसपास के क्षेत्रों में बिजली परिदृश्य में काफी सुधार होगा। इस दौरान मोहन लाल शर्मा (मंडल प्रधान), मोहिंदर शर्मा (मंडल प्रधान), गोपाल सिंह, मनोज वर्मा, अनिल शर्मा, गुरदेव सिंह, शिव राम आदि मौजूद रहे।