उधमपुर में भाजपा की ओर से घोषित डीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार अन्य नेताओं के साथ।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से शुक्रवार को लाल चंद को डीडीसी चेयरमैन और जूही मन्हास को वाइस चेयरमैन के लिए भाजपा की तरफ से नामांकित कर दिया गया है। आठ फरवरी को होने वाले चुनाव में इन दोनों की जीत भी पक्की है। इसी के साथ कई दिनों से चल रहा संस्पेंस खत्म हो गया है। लाल चंद के एलान के बाद जिब इलाके में लोगों के अंदर खुशी की लहर दौड़ पड़ी है।
गौरतलब है कि डीडीसी चुनाव का परिणाम निकलने के बाद से ही डीडीसी चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। भाजपा के अंदर भी इसको लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। लेकिन आरक्षण रोस्टर जारी न होने के चलते किसी के नाम पर मुहर नहीं लग पा रही थी। अंदरूनी स्तर पर तो भाजपा के कई डीडीसी ने अपने स्तर पर इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए थे और सभी पार्टी कमान के आदेश का इंतजार कर रहे थे। सरकार की तरफ से जारी आरक्षण रोस्टर के अनुसार उधमपुर में डीडीसी चेयरमैन की कुर्सी अनुसूचित जाति के डीडीसी के नाम कर दी गई। इसके बाद से ही पार्टी में सिर्फ लाल चंद के नाम पर चर्चा शुरू हो गई थी। उधमपुर में तीन डीडीसी अनुसूचित जाति से हैं। इनमें सबसे आगे नाम लाल चंद का ही था।
लाल चंद ने उधमपुर-2 सीट पर शानदार जीत हासिल की थी। चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद के नाम नामांकित करने को लेकर शुक्रवार को भाजपा के प्रदेश महासचिव अशोक कौल और पूर्व डिप्टी सीएम कविंद्र गुप्ता उधमपुर पहुंचे। भाजपा कार्यालय में इसको लेकर बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में पूर्व मंत्री पवन गुप्ता और पूर्व विधायक आरएस पठानिया ने भी हिस्सा लिया। लंबी चर्चा के बाद अशोक कौल ने चेयरमैन के लिए लाल चंद और वाइस चेयरमैन के लिए जूही मन्हास के नाम का एलान कर दिया। जही मन्हासन पूर्व विधायक आरएस पठानिया की पत्नी है। इन्होंने खून सीट से जीत हासिल की है। भजापा के पास कुल 11 डीडीसी हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है कि डीडीसी चेयरमैन व वाइस चेयरमैन भाजपा से ही बनने हैं। आठ फरवरी सोमवार को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के पद पर चुनाव होना है।