उधमपुर। उधमपुर जिले की चार सीटों से जीत हासिल करने वाले चारों भाजपा प्रत्याशियों का मतगणना के बाद दूसरा दिन भी बधाइयां लेने और विजय रैलियों में गुजरा।
गौरतलब है कि उधमपुर जिले की रामनगर, चिनैनी, उधमपुर ईस्ट और वेस्ट से भाजपा के उम्मीदवारों को शानदार जीत प्राप्त हुई है। मंगलवार को घोषित हुए परिणामों के बाद जहां देर रात तक जिले के प्रत्येक हिस्से आतिशबाजी और ढोल नगाड़ों पर जश्न चलता रहा तो वहीं बुधवार को भी विजेता उम्मीदवारों को बधाई देने के सिलसिला पूरा दिन जारी रहा। किसी के घर पर समर्थकों का तांता लगा रहा तो किसी के लिए जगह-जगह आयोजित विजय रैलियों का आयोजन कर ढोल नगाड़ों पर जश्न मनाया गया। कुछ ने जीत की घोषणा होते ही मंदिर या फिर अपने कुलदेवता के आगे माथा टेका तो किसी ने अपने बड़े बुजुर्गों से सफलता प्राप्त करने पर आशीर्वाद सहित ढेर सारी शुभ कामनाएं लीं। चिनैनी में बलवंत सिंह मनकोटिया, रामनगर में सुनील भारद्वाज, उधमपुर ईस्ट में आरएस पठानिया और उधमपुर वेस्ट में पवन गुप्ता जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे।