उधमपुर। ब्लैक लिस्टेड एप्टेक कंपनी को जम्मू कश्मीर में भर्ती परीक्षा की जिम्मेदारी देना निंदनीय है। सरकार को इसे तत्काल बदलना चाहिए और किसी साफ सुथरी कंपनी को यह जिम्मा देना चाहिए। इसी मांग को लेकर हजारों युवा सड़कों पर हैं। यह बातें पूर्व मंत्री एवं पैंथर्स पार्टी के वरिष्ठ नेता हर्ष देव सिंह ने एक पत्रकार वार्ता में कहीं। उन्होंने कहा कि अगर युवा चाहते हैं कि ब्लैक लिस्ट कंपनी को बदला जाए तो सरकार क्यों उनकी बात को नहीं मान रही है।
इसलिए वे पूछना चाहते हैं कि जम्मू कश्मीर में सरकार कौन सी रणनीति अपना रही है। सरकारी नौकरियों को बेचा जा रहा है और जब युवा इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उन पर लाठीचार्ज किया जाता है और उन्हें जेलों में बंद किया जाता है। उन्होंने कहा कि वे युवाओं पर हो रहे इस अत्याचार और भर्तियों में हो रही धांधली को कभी सहन नहीं करेंगे। केंद्र सरकार ने दो करोड़ नौकरियां देने के वादे कर पहले की नौकरियां भी छीन ली हैं और जम्मू कश्मीर के नौजवानों को बेरोजगार कर दिया है। जिससे युवाओं में आक्रोश पैदा हो गया है। इसलिए सरकार से उनकी मांग है कि युवाओं की बात को माना जाए और तत्काल ब्लैक लिस्ट कंपनी को हटाया जाए।