उधमपुर। पुलिस ने मंगलवार को बिना लाइसेंस की रेहड़ियों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। साथ ही रेहड़ीवालों को चेतावनी दी कि अगर किसी ने नो रेहड़ी जोन में रेहड़ी लगाई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की तरफ से पिछले कुछ दिनों से लगातार कार्रवाई कर बिना लाइसेंस की रेहड़ियों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
करीब पांच दिन पहले पुलिस ने नो रेहड़ी जोन में खड़ी रेहड़ियों को कब्जे में लेकर कार्रवाई करना शुरू किया था। इस दौरान उनके साथ व्यापार मंडल के सदस्य भी मौजूद थे। दो दिन तक कार्रवाई करने के बाद इसके बंद होते ही नो रेहड़ी जोन रेहड़ियों से फिर से भर गए थे। जब शहरवासियों ने इसके बारे में पुलिस से शिकायत की तो मंगलवार को फिर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान छेड़ा गया। इस कार्रवाई में पुलिस नगर परिषद को अपने साथ शामिल नहीं कर रही है। मंगलवार को पुलिस की टीम ने गोल मार्केट, इंदिरा चौक, पुरानी टैक्सी स्टैंड मार्ग व अन्य हिस्सों से रेहड़ियों को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। पहले रेहड़ी वालों से लाइसेंस मांगा गया और जब उनके पास कोई लाइसेंस नहीं था तो रेहड़ी को कब्जे में लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचाया गया। शाम तक चली कार्रवाई में पुलिस ने करीब 10 रेहड़ियों को कब्जे में ले लिया था। हालांकि कार्रवाई की जानकारी मिलने पर ज्यादातर रेहड़ी वाले रेहड़ियां लेकर मौके से फरार भी हो गए। पुलिस की कार्रवाई के बाद एक बार फिर से नो रेहड़ी जोन बिना रेहड़ियों के नजर आए। इससे शहर के अंदर यातायात भी सुचारु रूप से चलता रहा। शहरवासियों ने भी इससे राहत महसूस की। वहीं शहरवासियों का कहना था कि पुलिस को इस कार्रवाई को इसी तरह से निरंतरी जारी रखना चाहिए। इसी तरह कार्रवाई से ही शहर अतिक्रमण मुक्त हो सकता है।