भद्रवाह में भूस्खलन होने पर क्षतिग्रस्त हुआ मकान
- फोटो : UDHAMPUR
भद्रवाह। अतिरिक्त जिला भद्रवाह के सरतींगल पंचायत खंड के बुटला गांव में मंगलवार सुबह मिट्टी के मकान के भूस्खलन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना में मृतक महिला के दो नाबालिग पुत्रों को मामूली चोटें आई हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि एक ग्रामीण वेद कुमार के मिट्टी के घर में भूस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी किरण देवी (40) के अलावा उनके दो बेटे मिशेल सिंह (14) और निक्सन जरयाल (10) घर के अंदर फंस गए। एडीसी भद्रवाह दिल मीर चौधरी ने बताया कि बचाव अभियान के बाद तीनों को निकाल लिया गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां किरण देवी ने दम तोड़ दिया। स्थिति का आंकलन करने के लिए नागरिक, भारतीय सेना और पुलिस अधिकारियों ने मौके का दौरा किया। एडीसी दिल मीर चौधरी ने बताया कि आपदा प्रबंधन के तहत पीड़ित परिवार के लिए डीसी डोडा विशेष पॉल महाजन ने 25 हजार रुपये की सहायता राशि जारी की है।