- नशा व गोवंश की तस्करी के खिलाफ उधमपुर पुलिस ने कसा शिकंजा
उधमपुर। पुलिस ने नशे और गोवंश की तस्करी के खिलाफ छेड़े गए अभियान में पिछले चार माह में 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि 1.64 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। वहीं, 2.49 करोड़ मूल्य की नशे अर्जित संपत्ति को जब्त करने सहित 26 बैंक खाते फ्रीज किए गए।
पुलिस से मिरी जानकारी के अनुसार जनवरी से अप्रैल 2025 के महीनों के दौरान जिला पुलिस उधमपुर ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कुल 34 मामले दर्ज किए गए और 52 व्यक्तियों को एनडीपीएस और पीआईटी, एनडीपीएस व पीएसए अधिनियमों के तहत गिरफ्तार किया। नशीली दवाओं की तस्करी में इस्तेमाल किए जाने वाले 13 वाहनों को जब्त किया गया।
साथ ही एच 1 दवाओं से संबंधित उल्लंघन के लिए चार फार्मेसी दुकानों को बंद कर दिया गया। वित्तीय संपत्तियों पर एक महत्वपूर्ण कार्रवाई में नशा तस्करों के 26 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया, जिसमें 16,58,403 रुपये की राशि थी। कुल 1.64 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए गए। इसके अलावा 2.49 करोड़ मूल्य की संपत्तियां जब्त की गईं, जिनमें एनडीपीएस और गोवंश तस्करी मामलों से जुड़ी आवासीय इमारतें, वाहन और व्यावसायिक संपत्तियां शामिल हैं।