डोडा में जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मियों को रोकती पुलिस।
डोडा। जिले में जल शक्ति और अन्य विभागों में काम करने वाले सैकड़ों दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन किया। पुलिस ने कर्मियों को भारत रोड की ओर मार्च करने से रोकने की कोशिश की तो तनाव बढ़ गया। इस दौरान कर्मचारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई मगर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
प्रदर्शन के दौरान दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों ने नियमितीकरण, लंबित वेतन जारी करने और केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) के नियमों के अनुसार वेतन में बढ़ोतरी सहित अन्य मांगें पूरी करने की आवाज बुलंद की। अपनी मांगों के समर्थन में बैनर लेकर और नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने शहर में जुलूस निकाला। पुलिस के साथ नोकझोंक के बाद कर्मचारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी कमिश्नर से मुलाकात की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जल्द से जल्द उनकी मांगें पूरी न की तो वे उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। इस बीच, प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को उच्च अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा। संवाद