उधमपुर। शेर-ए-कश्मीर पुलिस अकादमी में ''लिंग संवेदीकरण और फोरेंसिक प्रशिक्षण'' पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूटी जम्मू-कश्मीर से 22 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों के कौशल और ज्ञान को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया। कार्यक्रम में बेहतर जांच और साक्ष्य संग्रह के लिए फोरेंसिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
इस कोर्स में किशोर न्याय बोर्ड जम्मू की सदस्य शालिनी शर्मा, वन स्टॉप सेंटर फॉर वुमन पुंछ के केंद्रीय प्रशासक प्रियांक सिंह, एसकेपीए के वरिष्ठ पीओ रियाज अहमद, जम्मू विश्वविद्यालय के आजीवन शिक्षा विभाग की प्रोफेसर डॉ. कवित सूरी, फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला जम्मू के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सनी शर्मा, केंद्रीय महिला वन स्टॉप सेंटर उधमपुर की प्रशासक मीना कुमारी, इंस्पेक्टर संदीप महाजन और साइबर पुलिस स्टेशन जम्मू के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने प्रतिभागियों को व्याख्यान दिए।
समापन समारोह में एसकेपीए के मुख्य अभियोजन अधिकारी राकेश संब्याल मुख्य अतिथि थे। उन्होंने अपने समापन भाषण में वैश्विक स्तर पर लैंगिक असमानता के महत्व पर जोर दिया। पाठ्यक्रम का समन्वयन निरीक्षक चंद्रमोहन की ओर से किया गया।