कटड़ा। पुलिस ने मां वैष्णो देवी के भवन मार्ग पर अर्द्धकुंवारी क्षेत्र में किन्नरों तथा कुछ लोगों की ओर से भीख के नाम पर श्रद्धालुओं से जबरन वसूली की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने किन्नरों के साथ ही कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
मां वैष्णो देवी की यात्रा पर आए कुछ श्रद्धालुओं ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी कि भीख के नाम पर श्रद्धालुओं से जबरन वसूली की जा रही है। श्रद्धालुओं का कहना था कि अगर उनको पैसे नहीं देते हैं तो विशेष कर नवविवाहित जोड़ा अगर किन्नरों को पैसे देने में मन करता तो वे बददुआ देने की बात करते हैं। मजबूरी में श्रद्धालुओं को मुंह मांगे पैसे देने पड़ रहे हैं। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की और बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
एएसपी कटड़ा विपिन चंद्रन ने बताया कि श्रद्धालुओं की शिकायत पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया था जिनमें अधिकांश किन्नर थे। पूछताछ करने के साथ उनके पहचान पत्र आदी की जांच की गई और चेतावनी देकर छोड़ा गया कि वह भविष्य में भवन मार्ग पर किसी तरह की भीख नहीं मांगें। भवन मार्ग पर भीख मांगना पूरी तरह से अवैध है अगर भविष्य में कोई मामला सामने आया तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद