उधमपुर। तुषार महाजन मिशन के तहत लिटिल एंजेल स्कूल ने रोटरी अस्पताल परिसर में मोरिंगा का पौधा लगाया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पौधरोपण के दौरान पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य के महत्व पर भी चर्चा की गई।
स्कूल के प्रधानाचार्या वनित गुप्ता ने शहीद तुषार महाजन के नाम से टैरेस फार्मिंग की शुरुआत की थी, जिसके अंतर्गत विभिन्न तरह के दवाइयाें में उपयोगी पौधे लगाए गए है। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए सोमवार को रोटरी अस्पताल में बच्चों द्वारा मोरिंगा का पौधा लगाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने एक संबोधन में मोरिंगा के फायदों का उल्लेख करते हुए इसे पोषण से भरपूर पौधा बताया था। उन्होंने कहा था कि मोरिंगा में कई ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित डाक्टरों ने बताया कि मोरिंगा स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। इसमें कैल्शियम, पोटेशियम, प्रोटीन और कई जरूरी खनिज तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाने और शरीर को पोषण देने में सहायक होते हैं। इसके पत्तों और जड़ों का उपयोग कुछ खाद्य पदार्थों में भी किया जा सकता है। मोरिंगा त्वचा के लिए भी लाभदायक है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। साथ ही यह उच्च रक्तचाप और ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में सहायक माना जाता है। नियमित और संतुलित सेवन से शरीर को आवश्यक पोषण मिलता है और कई सामान्य बीमारियों से दूर रखता है। यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि समाज में पोषण और प्राकृतिक उपचार के महत्व को भी उजागर करती है। संवाद