इंटरनेशनल म्यूजिक एंड डांस स्पोर्ट्स कॉम्पिटिशन में भाग लेंगी पीहू
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। नेपाल के काठमांडू शहर में आगामी 10 से 12 जून तक पांचवां माउंट एवरेस्ट इंटरनेशनल म्यूजिक एंड डांस स्पोर्ट्स कॉम्पिटिशन होगा। इसमें भाग लेने के लिए उधमपुर की पीहू कुमारी का चयन हुआ है।
इस प्रतियोगिता में पीहू डोगरी गीत पर अपनी नृत्य कला का प्रदर्शन कर डोगरी लोक संस्कृति का प्रचार-प्रसार करेंगी। पीहू इस प्रतियोगिता में जम्मू कश्मीर की डुग्गर लोक कला का भी प्रतिनिधित्व करेंगी।
समृद्ध डोगरी लोक संस्कृति से दुनिया को रूबरू करवाने और इसका प्रचार-प्रसार के लिए भी पिहु लगातार काम कर रहीं हैं। यह पहला मौका मिला है जब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी। इससे पहले वह यूपी के जिला झांसी में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं।
उनका कहना है गायन और नृत्य कला में वे अपनी मां को गुरु मानती हैं। उन्हीं से इसकी शिक्षा-दीक्षा भी ले रहीं हैं। उनकी मां का ही सपना था कि वे डुग्गर लोककला में दुनिया में अपना और अपने जिले का नाम रोशन करें लेकिन परिवार की जिम्मेदारियों की वजह से वे अपने इस सपने को स्वयं पूरा नहीं कर पाईं और अब वह बेटी माध्यम से अपना सपना पूरा कर रहीं हैं।