चक्क वासियों ने चक्क रखवाल स्टेशन पर डीएमयू ट्रेन को बहाल नहीं करने पर रविवार को रेलवे विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। रद्द डीएमयू ट्रेन को लोगों ने फिर से शुरू करने की मांग की है।
रिंकू शर्मा के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने एकजुट होकर डीएमयू सेवा बहाल करने के लिए चक्क स्टेशन पर धरना-प्रदर्शन दिया। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक ग्रामीण स्टेशन पर डटे रहे।
मौके पर स्टेशन मास्टर को लोगों ने ज्ञापन सौंप कर जल्द से जल्द डीएमयू लगावाने की मांग की। स्टेशन मास्टर ने ज्ञापन को उच्चाधिकारियों के समक्ष पहुंचाने का आश्वासन दिया। अगले पंद्रह दिन का समय मांग कर ट्रेन सेवा बहाल करने पर बल दिया।
गौरतलब है, कि पंद्रह दिन पहले चक्क स्टेशन पर ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद रेलवे प्रशासन ने लोगों की समस्याओं को समझते हुए चक्क स्टेशन पर जम्मू मेल ट्रेन को रोकने के आदेश दिए थे।
उसका लोगाें को लाभ भी मिला है। हालांकि लोग डीएमयू को फिर से चलाने की मांग लगातार कर रहे हैं। ताकि यहां के लोगों को कटड़ा, उधमपुर और जम्मू आदि स्थानों पर जाने का भरपूर लाभ मिल सके।
ग्रामीणों का कहना था कि पहले लोग पांच रुपये में सफर तय करते थे, लेकिन अब अन्य प्राइवेट वाहनों से लोगों को महंगी यात्रा करनी पड़ रही है। लिहाजा लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द डीएमयू ट्रेन सेवा लगाने पर बल दिया है। इस मौके पर सलमेडी के सरपंच मुंशी राम, सरपंच ओम प्रकाश, सुभाष चंद्र, संजय शर्मा, सुषमा देवी आदि उपस्थित रहे।