चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर लगातार जाम की समस्या से परेशान लोगों के सब्र का बांध रविवार को फूट गया। उन्होंने चिनैनी कस्बे में हाईवे अथारिटी का पुतला फूंक कर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं, जल्द हालत में सुधार नहीं करने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
कस्बे के मेन चौक में प्रदर्शन करते हुए लोगों ने जाम की समस्या से जल्द निदान दिलाने की मांग की है। लोगों ने कहा कि चिनैनी से उधमपुर तक सफर करने के लिए कई बार सोचना पड़ता है। रोजाना जाम की समस्या से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। दुकानदारों का काफी नुकसान उठान पड़ रहा है। बताया कि चिनैनी से उधमपुर के बीच कुछ स्थानों पर हाईवे संकरा जिस कारण हमेशा जाम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। ऐसे में नेशनल हाईवे अथारिटी को जाम की समस्या से निपटने के लिए उन स्थानों पर कार्य में तेजी लानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द सुध नहीं लेने पर आंदोलन को तेज कर दिया जाएगा। इस मौके पर अभिषेक जम्वाल, राजेश रिंकू, राकेश अंताल, चंद्र शेखर वर्मा, नीरज पच्याला, संसार चंद, सुनील कुमार, सुशील शर्मा, राजेश चंद अंताल आदि मौजूद रहे।