उधमपुर। बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ बिजली विभाग की तरफ से लगातार कार्रवाई की जा रही है। रोज विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही और बिजली चोरी करने वालों से जुर्माना वसूल किया जा रहा है। दो सप्ताह के अंदर ही बिजली विभाग ने 150 से अधिक घरों में बिजली चोरी पकड़ी है और इनसे डेढ़ लाख के करीब जुर्माना वसूला है। विभाग के मुताबिक यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विभाग के अधिकारी के मुताबिक कुछ लोग मीटर में अलग तार लगाकर बिजली चोरी कर रहे हैं। इनके खिलाफ विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई की जा रही है। इसकी शुरुआत उधमपुर शहर से की गई थी। शहर के अंदर करीब 50 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई थी और हजारों रुपये जुर्माना वसूला गया था। अब यह कार्रवाई ग्रामीण स्तर पर की जा रही है। चिनैनी, रामनगर, रिट्टी, जोनू, कघोट, कुलवंता, बसंतगढ़ व अन्य कई इलाकों में लगातार टीमें छापा मारकर कार्रवाई कर रही हैं। कहीं पर हीटर लगाकर बिजली चोरी की जा रही है तो कहीं मीटर से अलग केबल लगाकर चोरी की जा रही है। इससे विभाग को लाखों रुपये का नुकसान पहुंच रहा है। इसी कारण लोड बढ़ रहा है और विभाग को बार-बार कटौती करनी पड़ रही है। लगातार की जा रही कार्रवाई से लोड कम हुआ है और शहर व साथ लगते इलाकों में बिजली कटौती भी कम हो गई है।