पौनी। मुख्य बाजार में स्ट्रीट लाइटें बंद होने से लोगों और दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि शाम ढलते ही पूरा बाजार अंधेरे में डूब जाता है जिससे न केवल कारोबार प्रभावित हो रहा है बल्कि लोगों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
दुकानदार अंचल शर्मा और सुखविंदर सिंह ने बताया कि कई वर्ष पहले पूर्व विधायक अजय नंदा ने मुख्य बाजार से लेकर अप्पर बाजार तक स्ट्रीट लाइटें लगवाई थीं। उस समय रात तक चहल-पहल रहती थी और लोग बिना डर या असुविधा के खरीदारी कर पाते थे। अब कई खंभों पर लगी लाइटें खराब हो चुकी हैं जबकि कुछ पर लाइटें ही नहीं हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर सोलर लाइटें लगाई गई हैं लेकिन रोशनी पर्याप्त नहीं है। खासकर महिलाओं को घरों से बाहर निकलने में असुरक्षा महसूस हो रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि बाजार में पहले की तरह पर्याप्त स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था की जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके और बाजार की रौनक लौट सके।