पौनी। पौनी-रियासी नेशनल हाईवे-144 पर सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग इन दिनों चोरों के निशाने पर है। इससे न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है बल्कि राहगीरों की सुरक्षा खतरे में आ गई है। हादसे रोकने और वाहनों को गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए रेलिंग लगाई गई है लेकिन ठंडा पानी और नरसिंह देव स्थान मार्ग जैसे सुनसान इलाकों में कई स्थानों से रेलिंग गायब हो चुकी है। जहां रेलिंग है भी उसके नट खोले जा रहे हैं।
लोगों का मानना है कि चोर या तो इन नट बोल्ट को बेच रहे हैं या फिर पूरी रेलिंग को ही गायब कर रहे हैं। यदि समय रहते चोरों पर कार्रवाई नहीं की तो कीमती जिंदगियों को गंभीर खतरा हो सकता है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर समरित ने बताया कि मामला संज्ञान में है और संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी है। विभाग की ओर से जल्द ही पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी।