- प्रशासन ने राशि पीड़ित के बैंक खाते में डलवाई, परिवार को मिली राहत
अमर उजाला इंपैक्ट का लोगो लगाएं
मजालता। आग में जलने से तीन मवेशियों की मौत के मामले में प्रशासन की ओर से से 89 हजार 500 रुपये का मुआवजा दे दिया गया है। अमर उजाला ने मजालता के गढ़ धम्मा गांव के रहने वाले गिरधारी लाल के हुए नुकसान का मुद्दा उठाया था। प्रशासन ने इसका संज्ञान लेते हुए मुआवजे की राशि जारी कर दी।
बता दें कि होली वाली रात आग लगने की घटना पेश आई थी। इस हादसे में तीन मवेशियों की मौत हो गई थी जबकि एक पशु बुरी तरह झुलस गया था। हादसे में हुए नुकसान की वजह से परिवार सदमे में था। क्योंकि परिवार के मुताबिक उनका लगभग ढाई लाख का नुकसान हो गया। गिरधारी लाल ने मजालता प्रशासन और अमर उजाला का आभार व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने ऐसी घटनाओं को आपदा की सूची में शामिल किया है। इसमें बेमौसमी अत्यधिक बारिश, आकाशीय बिजली गिरने, जलने से हुई मौतों आदि शामिल हैं। लेकिन इसके प्रचार-प्रसार की कमी के कारण पीड़ित परिवारों को मुआवजा नहीं मिल पाता है। ऐसे केस में पुलिस को सूचना देना और मृतक पशुओं का पोस्टमार्टम करवाना जरूरी है।
रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट हो जाता है। जिस संबंधित तहसील के एसडीएम या तहसीलदार की ओर से मुआवजे की संस्तुति की जाती है। तहसीलदार मजालता दीक्षा बांबा ने बताया कि गिरधारी लाल को मवेशियों के मुआवजा के रूप में मिली रकम को सीधे उनके बैंक खाते में डाल दिया गया है। किसी भी हादसे की खबर लाभार्थी को सीधे तहसील मुख्यालय में देनी होती है जिसके बाद फील्ड अफसर मुआवजे का आकलन करते हैं। रिपोर्ट डीसी कार्यालय में जमा की जाती है और उसके बाद कमेटी नुकसान का आकलन कर पीड़ित को मदद प्रदान करती है।