संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। खेल स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया। इसमें वॉलीबाल, कबड्डी और खो-खो के मुकाबले करवाए गए। विभिन्न आयु वर्ग में पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने वर्चुअल उद्घाटन के साथ खेल मुकाबले शुरू करवाए। युवाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने सांसद खेल स्पर्धा की सराहना करते हुए कहा कि यह युवाओं को खेलों में शामिल होने का एक बेहतरीन अवसर है।
उन्होंने प्रतिभागियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में ऐसी गतिविधियों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक शक्ति का निर्माण करते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व गुणों का भी पोषण करते हैं। डीसी राकेश मिन्हास ने युवाओं को खेल जैसी सकारात्मक और स्वस्थ गतिविधियों में शामिल करने के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता को साझा किया। इस मौके पर हीरानगर के विधायक एडवोकेट विजय शर्मा, जिला विकास परिषद कठुआ के उपाध्यक्ष रघुनंदन सिंह बबलू उपस्थित रहे।