उधमपुर। अपने सामाजिक दायित्व के तहत जुड़े प्रयासों में अमर उजाला की ओर से विश्व स्वास्थ्य दिवस पर शहीद कैप्टन तुषार महाजन मेमोरियल सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में निशुल्क ओरल हेल्थ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सकों की टीम ने लगभग 150 छात्राओं की जांच की और ओरल हेल्थ के प्रति जागरूक किया।
सोमवार को प्रिंसिपल पवन सलाथिया की देखरेख में शिविर का आयोजन किया गया। इसमें आदर्श कालोनी स्थित महाजन डेंटल होम के एमडी बीडीएस डॉ. विश्वास महाजन और डॉ. साक्षी महाजन ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में नौवीं और दसवीं कक्षा की लगभग 150 छात्राओं ने ओरल हेल्थ की जांच करवाई। डॉ. महाजन ने बच्चों को दवाइयों के परामर्श के साथ-साथ दांतों की देखभाल और समय-समय पर बेहतर उपचार की भी जानकारी दी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि रोजाना दो बार ब्रश जरूर करें। सुबह और रात को ब्रश करने के दौरान ज्यादा गर्म या ठंडे पानी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। ऐसे करने से भी दांताें में तकलीफ हो सकती है। मुंह की सफाई भी जरूर रखें। दांतों में फंसे भोजन व अन्य खाद्य पदार्थ के टुकड़े से मसूड़ों में सड़न और संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। साल में कम से कम एक बार चेकअप जरूरत कराएं, ज्यादा मीठी चीजें या कार्बोनेटेड ड्रिंक न पिएं।
शिविर के दौरान छात्राओं में भी काफी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अपनी ओरल हेल्थ से जुड़ी कई शंकाओं को दूर करने के लिए डॉक्टरों से सवाल भी पूछे। स्कूल प्रशासन की ओर से अमर उजाला टीम का आभार व्यक्त कर भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करते रहने की उम्मीद जताई।