लिंक मार्ग के विरोध में प्रदर्शन करते बाणगंगा के दुकानदार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बाणगंगा-अर्द्धकुंवारी के बीच बन रहे लिंक मार्ग पर गतिरोध कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को भी स्थानीय दुकानदारों ने विरोध कर काम रोकवाया। बाद में प्रशासन ने पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को तैनात कर काम शुरू करवाया। इसके विरोध में दुकानदारों ने दुकानों को बंद कर विरोध जताया। बुधवार को भी यहां की दुकानें बंद रहेंगे।
कटड़ा-अर्द्धकुमारी के लिए बीच बने नए मार्ग के लिए निकाले जा रहे लिंक का दरूड़ और चरण पादुका तक के दुकानदारों ने जोरदार विरोध किया। मंगलवार को स्थानीय दुकानदारों और घोड़ा-पिठठू वालों ने काम बंद कर प्रदर्शन किया। काम पर लगे मजदूरों को लौटा दिया। श्राइन बोर्ड प्रशासन की ओर से आर्मी कैंप के पास चल रहे निर्माण कार्य को बंद करवाने की सूचना मिलने पर एसडीएम नीलम खजूरिया, एएसपी सुमीर कोतवाल, तसीलदार मोहित रैना आदि ने लोगों से बैठकर बातचीत करने को कहा।
फिर वहां डीसी रवींद्र कुमार और एसएसपी रियासी ताहिर भट भी पहुंचे। लोगों को समझाया। स्थानीय दुकानदार प्रभात सिंह, करण सिंह, विजय सिंह, रमन सिंह, केवल सिंह, अर्जुन सिंह सोहन चंद आदि ने कहा कि इस लिंक मार्ग से यहां के दुकानदार और घोड़े-पिट्ठू वालों का रोजगार छिन जाएगा। विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रधान करण सिंह ने कहा कि नए रोड में लिंक का काम बर्दाश्त नहीं करेंगे। बुधवार को भी दुकानें बंद रहेंगी।