उधमपुर। जिले में शनिवार को कोरोना के मामलों में फिर से बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। शाम तक जिले में पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें एक व्यक्ति बाहरी राज्य से लौटने पर संक्रमित पाया गया है। इसके साथ चार लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं।
जिले में कोरोना के मामलों में कभी कमी हो रही है और तो कभी अचानक से इनकी संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। कई दिनों के बाद शुक्रवार को जिले में एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया था। इससे स्वास्थ्य विभाग बहुत ज्यादा राहत महसूस कर रहा था। लेकिन दूसरे ही दिन शनिवार को अचानक से कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हो और शाम तक कुल पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके थे। इनमें एक व्यक्ति बाहरी राज्य से लौटने पर संक्रमित पाया गया है, जबकि बाकी के चार लोग शहर व साथ लगते ग्रामीण इलाकों में संक्रमित पाए गए हैं। इनके संपर्क में रहने पर करीब 20 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है और इनको जिला अस्पताल ले जाकर कोरोना टेस्ट भी किए गए हैं। शाम तक जिले में कुल चार लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत हो चुकी है। मरने के बाद ही व्यक्ति के संक्रमित होने का पता चला है। उधमपुर के मांड में रहने वाला व्यक्ति को मधुमेह रोग से हालात खराब होने पर जीएमसी रेफर किया गया था। जहां हालत में सुधार न होने पर परिवार के सदस्य पंजाब के लुधियाना ले जा रहे थे। लेकिन लुधियाना पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मौत के बाद जब उसका कोरोना टेस्ट किया गया तो व्यक्ति संक्रमित पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 4371 हो गए हैं। इनमें से 4281 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 58 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में 32 सक्रिय मामले बचे हैं। इनमें से 11 को होम आइसोलेशन रखा गया है। 19 को फोर्स क्वारंटीन पर रखा गया है और दो का उपचार अस्पताल में चल रहा है।