- श्रीनगर, किश्तवाड़, डोडा, रामबन, बनिहाल की ओर जाने वाले यात्री वाहन इसी मार्ग से होकर जाते हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर के बीचोंबीच से गुजरते पुराने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ते न्यू बस स्टैंड के पास सड़क मार्ग की हालत खराब है। राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि नया हाईवे बनने के बाद से ही पुराने हाईवे पर श्रीनगर व अन्य स्थानों की ओर जाने वाले वाहनों की बेशक आवाजाही कम हुई है। लेकिन शहर के दोमेल चौक से एमएच चौक, कैपरी चौक, ओमाड़ा मोड़ व शहर के अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोग इसी रास्ते से होकर आते-जाते हैं। हैरानी की बात है कि शहर के बीचोंबीच होने के बावजूद सड़क की दशा खराब है और इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
सुबह और शाम को श्रीनगर, किश्तवाड़, डोडा, रामबन, बनिहाल की ओर जाने वाले यात्री वाहन इसी मार्ग से होकर जाते हैं। इतना ही नहीं सारा दिन शहर में चलने वाले वाहनों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। लेकिन सड़क की खराब हालत को लेकर प्रशासन आंखें मूंद कर बैठा हुआ है। कई बार स्थानीय लोग व वाहन चालक सड़क की मरम्मत करवाने की गुहार प्रशासन से लगा चुके हैं। लेकिन पिछले एक साल से सुनवाई नहीं हो रही।
बारिश होने पर गड्ढों में भर जाता है पानी
न्यू बस स्टैंड के पास सड़क मार्ग पर बने गड्ढे आए दिन हादसों को न्यौता दे रहे हैं। खासतौर पर स्कूटी व मोटरसाइकिल सवार गिर कर घायल हो रहे हैं। इतना ही नहीं, बारिश के दिनों में यह गड्ढे पानी से भर जाते हैं। इस कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार लगाई गुहार, नहीं हुआ समाधान
स्थानीय लोग व वाहन चालक ने सड़क की मरम्मत को लेकर प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं। लेकिन उसके बावजूद काफी समय से सड़क की दशा दयनीय बनी हुई है। हालांकि इस सड़क की मरम्मत का कार्य ग्रेफ विभाग के अधीन है। लेकिन उनकी ओर से भी सड़क की मरम्मत करवाने के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। जिसका खामियाजा लोगों व वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है।
इस संदर्भ में ग्रेफ अधिकारी का कहना था कि विभाग की ओर से समय-समय पर सड़क की मरम्मत करवाई जाती है। अगर कोई हिस्सा बिना मरम्मत के रह गया है तो उसका काम भी जल्द करवा दिया जाएगा।