मोटर खराब होने और नए टैंक में पानी की आपूर्ति न होने से व्यवस्था प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। तहसील की पंचायत संगड़ गांव के लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं जबकि वहां बनाए गए पानी के टैंक गांव की शोभा बढ़ा रहे हैं। ग्रामीण पुरुषोत्तम सिंह, चैन सिंह, प्रीतम सिंह ने बताया कि दो महीने के बाद कभी कभार पानी की आपूर्ति दी जाती है।
यह पानी नाकाफी होता है। इससे तीन गांवों वनसोती, बट्ट और खड़ के गांव में पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच रही है। यहां के लोग बावलियों से पीने का पानी सिर पर ढोकर गुजारा कर रहे हैं जबकि मवेशियों के लिए तालाब का पानी इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बनसोती में पानी का पुराना टैंक था। उसी से गांव तक पानी जाता था। करीब एक साल पहले बड़ी क्षमता वाला टैंक बनाया गया लेकिन उसे भरा नहीं गया। अब वह टैंक एक स्तंभ जैसा लग रहा है।
वहीं, जलशक्ति विभाग में मेकेनिकल विंग के जेई विशाल ने कहा कि मोटर खराब होने के कारण पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। शिवखोड़ी इलाके में रविवार को आपूर्ति दी गई है। बनसोती में पुराने पानी के टैंक में मंगलवार को पानी छोड़ा जाएगा।