चिनैनी में पार्किंग समस्या के कारण सड़क किनारे खड़े किए गए वाहन।
-मेन चौक पर अक्सर लग जाता है जाम, लोगों ने पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। कस्बे में पार्किंग की सुविधा न होने के कारण लोगों को अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं, जिससे एक तो जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। वही, कई सड़क किनारे खड़े किए गए वाहनाें को अन्य वाहन टक्कर मार देते हैं जिससे वे क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। मेन चौक पर अक्सर जाम लगा रहता है।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार, विक्रम सिंह, अरुण कुमार आदि ने मांग की कि चिनैनी में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए। इस वजह से कस्बे में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को मुश्किलों से गुजरना पड़ता है। उन्हें अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिलती। कई लोग बिना सामान लिए ही लौट जाते हैं। अगर कुछ लोग वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दें तो जाम लग जाता है।
लोगों ने कहा कि यदि कस्बे में पार्किंग की सुविधा होगी तो लोग चिंतामुक्त होकर अपने वाहन पार्किंग में लगा पाएंगे। इससे उनके वाहन भी सुरक्षित रहेंगे और जाम के हालात भी नहीं पैदा होंगे। उन्होंने प्रशासन से पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की है।
-
कोट...
यदि विभाग को सरकारी भूमि मुहैया करवाई जाती है तो चिनैनी में पार्किंग की योजना बनाई जा सकती है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी।
-सुरेश भारती, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग