उधमपुर। जिले में रविवार को कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला और न ही कोई महामारी को मात देने में कामयाब रहा है। जिले में मौजूदा समय में कोरोना के 25 मामले सक्रिय हैं। इसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि जिले में कोरोना के संक्रमण के मामलों में लगातार गिरावट हो रही है। कुछ दिन ऐसे भी सामने आ रहा है, जब कोरोना के मामलों में थोड़ी बढ़ोतरी देखी जा रही है। कोरोना के मामले कम होने पर भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टेस्टिंग का काम तेजी से जारी है। शनिवार को जिले में केवल एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया था, जबकि आठ लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। रविवार को न तो कोई कोरोना संक्रमित पाया गया और न ही किसी ने कोरोना को मात दी है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल 4236 मामले हो गए हैं। इनमें से 4154 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 57 लोगों की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब कोरोना संक्रमण के 25 सक्रिय मामले बचे हैं और इनमें से 19 लोगों को होम आइसोलेशन पर रखा गया है। 40 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।