जन जागरूकता मंच किश्तवाड़ के जिला प्रधान शाकिर सिद्दीकी ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री की आलोचना करते हुए जिला अस्पताल में रिक्त पड़े चिकित्सकों के पदों को भरने की मांग की है। इसी तरह बुधवार को रामबन बार एसोसिएशन की बैठक भी इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया गया।
जन जागरूकता मंच किश्तवाड़ के जिला प्रधान शाकिर सिद्दीकी ने कहा कि काफी समय से ईएनटी, रेडियालोजिस्ट और एनस्थीसिया स्पेशलिस्ट के पद खाली हैं। इससे दूरदराज के इलाकों से आ रहे मरीजाें को परेशान होना पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि दूरदराज के इलाकों खासकर मढ़वा, वाड़वन, पाडर आदि के पीएचसी व अन्य केंद्रों में भी चिकित्सकों के पद खाली पदों को जल्द से जल्द भरा जाए। सिद्दीकी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ये पद नहीं भरे गए तो हम सड़कों पर उतरकर धरना प्रदर्शन करेंगे।
वहीं, रामबन में बुधवार को आयोजित बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने जिला अस्पताल समेत दूरदराज के इलाकों में स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पदों को न भरे जाने पर रोष जताया। उनका कहना था कि आजकल भारी बर्फबारी से कई इलाकों में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रामबन अस्पताल में हालत यह है कि विशेषज्ञ न होने से बीयूएमएस और आईएसएम से काम चलाया जा रहा है। एसोसिएशन के प्रधान अर्जुन सिंह ने राज्य सरकार को चेतावनी दी है कि यदि एक माह में डॉक्टरों के रिक्त पद नहीं भरे गए तो वे स्थानीय जनता को गोलबंद कर आंदोलन शुरू कर देंगे।