संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। ब्लॉक की 23 पंचायतों में एक भी क्रिकेट स्टेडियम न होने से युवा क्रिकेट प्रेमी बहुत निराश हैं। उन्हें खेलने के लिए मैदान नहीं मिल रहा। हालांकि कस्बे में मिनी स्टेडियम तो है लेकिन क्रिकेट खेलने के लिए यह काफी छोटा है। मौजूदा समय में यहां पर दंगल व कबड्डी के मुकाबले ही करवाए जाते हैं। युवाओं ने सरकार से मांग की है कि कोई उचित स्थान देख कर यहां क्रिकेट मैदान बनाया जाए।
मिनी स्टेडियम में जगह कम
मिनी स्टेडियम में क्रिकेट खेलने के लिए जगह कम है। अभ्यास करने में भी परेशानी होती है। हम सरकार से मांग करते हैं कि युवाओं के लिए सरकारी जमीन पर खेल मैदान बनाया जाए ताकि बच्चे भी खेलकूद में अपना और अभिभावकों के साथ देश का नाम रोशन कर सकें ।
-निखिल चौहान, खिलाड़ी, गांव कलहाड़
-
उचित स्थान देखकर मैदान बनाया जाए
खेल मैदान न होना युवाओं के साथ नाइंसाफी है। आज जम्मू-कश्मीर के युवा आईपीएल में खेल रहे हैं। हमारा भी सपना है कि हम भी अपने राज्य का खेलों में प्रतिनिधित्व करें। हम सरकार से मांग करते हैं कि युवाओं के खेलने के लिए उचित स्थान देख कर मैदान बनाया जाए, जहां क्रिकेट खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार सके।
-विशेष शर्मा, खिलाड़ी, गांव कान्हा
कलहाड़ में सरकारी खाली जमीन पड़ी है
वार्ड नंबर चार कलहाड़ में सरकारी खाली जमीन पड़ी है। यहां क्रिकेट मैदान बनाया जा सकता है। अगर यहां पर खेल मैदान बन जाता है तो पूरे ब्लॉक के युवाओं को अभ्यास करने के लिए उपयुक्त स्थान मिल जाएगा। आगे जाकर वे अपनी प्रतिभा दर्शा सकेंगे।
-प्रकाश सिंह, पूर्व सरपंच, माड़ी नाला