संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शिक्षा विभाग ने पंचायत जगानू के सेर क्षेत्र में 35 साल पहले प्राइमरी स्कूल खोला था। इसे अपग्रेड कर मिडिल का दर्जा तो दे दिया गया। लेकिन शायद विभाग स्कूल की चहारदीवारी करना व गेट लगाना भूल गया। नतीजतन, मवेशी स्कूल परिसर के अंदर घूमते रहते हैं। बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौजूदा समय में स्कूल में 33 बच्चे शिक्षा हासिल कर रहे हैं। यूं तो शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधाओं के दावे करता है, लेकिन जिले में चल रहे सरकारी स्कूलों की बात की जाए तो अधिकांश में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। हैरानी की बात है कि स्थापना के 35 साल बीत जाने के बाद भी शिक्षा विभाग न स्कूल की चहारदीवारी करवा सका और न ही गेट लगवा सका।
समस्या को लेकर कई बार पूर्व सरपंच सहदेव सिंह व स्थानीय लोग विभाग के उच्च अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। सहदेव सिंह ने बताया कि दिन में कई बार क्षेत्र में घूमने वाले मवेशी स्कूल परिसर में घुस जाते हैं जिन्हें बच्चों को बाहर निकालना पड़ता है। लोगों ने विभाग से जल्द से जल्द स्कूल की चारदीवारी के साथ वहां गेट लगाने की मांग की है।
कोटविभाग की ओर से जल्द ही स्कूल में चारदीवारी बनाने के साथ ही गेट का निर्माण करवाने का प्रयास किया जाएगा ताकि बच्चोंं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न आए।
-कमल किशोर बडयाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी