गैर सरकारी संगठन जियो और जीने दो के सदस्यों ने उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। गैर सरकारी संगठन जियो और जीने दो के प्रधान तारिक शाह की अध्यक्षता में सदस्यों ने रविवार को प्रेसवार्ता की। इस दौरान बट्टल बालियां स्थित दूद्धर नाले में मछलियां मारने पर चिंता व्यक्त कर घटना की जांच की मांग की गई।
प्रधान तारिक ने कहा कि यह मामला प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ा गंभीर और चिंता का विषय है। पानी में मौजूद जीवों का समाप्त होना खतरे का संकेत है। पानी काफी ज्यादा प्रदूषित हो चुका है और इसमें कोई जहरीली चीज मिल या मिलाई गई है। इसलिए इस मामले पर समय रहते उचित कार्रवाई न होने पर यह हर जीव की सेहत पर असर डालेगा।
उन्होंने कहा कि इसी नाले के पास जलशक्ति विभाग का वाटर पंप लगा है जिसपर आसपास के गांवों के लिए जल सप्लाई निर्भर है। ऐसे में वहां जीव जंतुओं का मरना कई सवाल खड़े करता है।
इसलिए संगठन ने जलशक्ति विभाग, प्रदूषण नियंत्रण विभाग, मत्स्य पालन विभाग और जिला प्रशासन से इस मामले की जांच गंभीरता से कराने की मांग की है। इसके तहत जीव जंतुओं के मरने की वजह बताई जाए और जांच के बाद पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन से इस कार्य में ढील करने वालों पर भी उचित कार्रवाई की मांग की है। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है। प्रेसवार्ता में संगठन के उपप्रधान परवीन अख्तर और सदस्य राजेश खजुरिया समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।