उधमपुर। नीट यूजी परीक्षा 2025 के सुचारु और निष्पक्ष संचालन के लिए तैयारियों पर जिला उपायुक्त ने चर्चा की और जरूरी निर्देश जारी किए। सोमवार को जिला उपायुक्त, सलोनी राय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, आमोद अशोक नागपुरे के साथ डीसी ऑफिस कांप्लेक्स के मिनी कॉन्फ्रेंस हाल में अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त प्रेम सिंह, जिला सूचना अधिकारी राजिंदर ढींगरा, मुख्य शिक्षा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में बतायागिया नीट यूजी परीक्षा 4 मई को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक ली जानी है, जिसमें जिले के दो नामित केंद्रों पर कुल 600 उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद है। बैठक के दौरान, उपायुक्त ने नामित परीक्षा केंद्रों पर किए जा रहे विभिन्न रसद और सुरक्षा उपायों पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, अखंडता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया। डीसी ने केंद्रों पर गहन तलाशी प्रक्रियाओं के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने मजबूत अंतर-विभागीय समन्वय की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित उम्मीदवारों के लिए अनुकूल और सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए सभी विभागों द्वारा सहयोगात्मक और अच्छी तरह से समन्वित प्रयास का आह्वान किया।