बिजली और पानी की आपूर्ति होगी निर्बाध, सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान, चिकित्सा सुविधाएं रहेंगी सुलभ
रियासी। आगामी रमजान माह के मद्देनजर डीसी निधि मलिक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक सेवाओं की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीसी ने जम्मू पावर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड और जलशक्ति विभाग को निर्देश दिया कि सेहरी और इफ्तार के समय बिजली और पानी की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे। नगर परिषद के एग्जीक्यूटिव ऑफिसर को विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सड़कों, गलियों और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि रमजान के दौरान स्वच्छ वातावरण बना रहे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती और दवाओं का उचित स्टॉक सुनिश्चित करें। अग्निशमन विभाग को किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया। फूड सेफ्टी विभाग को बाजारों में अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया गया, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
इस बैठक में एडीसी राकेश कुमार, अन्य विभागों के अधिकारी और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें – मदरसा दारुल उलूम पयाम-ए-रजा के चेयरमैन मुफ्ती अशरफ मिस्बाही मस्जिद डेवलपमेंट कमेटी के जनरल सेक्रेटरी जामा मस्जिद के इमाम मुख्तार कादरी मौजूद रहे। डीसी ने कहा कि प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा कि रमजान के दौरान किसी भी तरह की असुविधा न हो और समुदाय को आवश्यक सुविधाएं मिलें।