धर्मनगरी कटड़ा में 15 से 23 अक्तूबर तक नवरात्र महोत्सव होगा। योग आश्रम मैदान में कार्यक्रम के शुभारंभ के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। रोजाना शाम छह से आठ बजे तक माता की कहानी सुनाई जाएगी। 21 अक्तूबर को पद्मा सचदेव पीजी कॉलेज गांधीनगर में गरबा व डांडिया नाइट होगी। प्रभात फेरी, धार्मिक गीत प्रतियोगिता, रामलीला और दंगल भी होगा। यह फैसला श्राइन बोर्ड के सभागार में नवरात्र कमेटी के चेयरमैन डिवकॉम रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही नवरात्र महोत्सव कमेटी के सदस्यों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर पूरी करें। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि धर्मनगरी में सफाई के साथ ही सड़कों की दशा सुधारने, बिजली, पानी, सुरक्षा आदि की पुख्ता व्यवस्था की जाए। नवरात्र महोत्सव में धर्मनगरी में आयोजित होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर कहा गया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर लें और आयोजन को लेकर किसी भी तरह की कोई कमी न रहे।
बता दें कि वर्ष 1995 में पर्यटन के साथ ही मां वैष्णो देवी की यात्रा में बढ़ोतरी के लिए पर्यटन विभाग व श्राइन बोर्ड ने नवरात्र महोत्सव की शुरुआत की थी जो हर वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। नवरात्र महोत्सव में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ज्यादा कार्यक्रम मां वैष्णो देवी पर ही आधारित हों।
बैठक में श्राइन बोर्ड सीईओ अंशुल गर्ग, पर्यटन निदेशक विवेकानंद राय, संयुक्त निदेशक सुनैना शर्मा, जिला आयुक्त रियासी बबीला रकवाल, एसएसपी रियासी अमित गुप्ता, कटड़ा नगर पालिका अध्यक्ष विमल इंदु, उपाध्यक्ष अजय बडू, विकास प्राधिकरण के सीईओ गोपाल सिंह, डिप्टी सीईओ श्राइन बोर्ड चंद्र प्रकाश कोतवाल, अजय सलान, नटरंग के पद्मश्री बलवंत ठाकुर, नवरात्र महोत्सव कमेटी के सदस्य अरुण शर्मा, राकेश वजीर, शाम केसर, शिव कुमार शर्मा, सरदारी लाल दुबे, अजय शर्मा, करण सिंह, रतन सिंह मन्हास, नरेश केसर,राज कुमार पादा सहित महोत्सव कमेटी के अन्य सदस्यों सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।