कटड़ा में नवरात्र माहोत्सव में माता की भेंट गायन प्रतियोगिता के पहले दिन पहले तीन स्थान हासिल क?
- फोटो : KATRA
कटड़ा। नवरात्रि महोत्सव पर अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता का पहला दिन अमृतसर से आए गायक सुखजिंदर के नाम रहा। उन्होंने अपनी भेंटों से निर्णायक पैनल को सबसे अधिक प्रभावित किया, और दिन का प्रथम पुरस्कार पाया। इसी के साथ वह सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उनके अलावा जम्मू के मोहिंद्र सोनी को दूसरा व रियासी के संजीव सिंह को तीसरा स्थान मिला। इन्होंने भी क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
पहले दिन की प्रतियोगिता में सुखजिंदर ने बोल मिट्टी देआ बाबेआ... भेंट प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उन्हें 10 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिला। दूसरा स्थान पाने वाले मोहिंद्र सोनी ने माता शेरां वालिए, तेरी जोगन हो गई में... और तीसरे स्थान के विजेता संजीव ने मैं साई बाबा दे लड़ लगया... भेंट प्रस्तुत की। दूसरे व तीसरे स्थान के विजेता को क्रमश: पांच हजार व तीन हजार रुपये नकद का पुरस्कार मिला।
प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वामी योज्ञानंद, जम्मू कश्मीर बैंक के महाप्रबंधक सुनित कुमार व उप महाप्रबंधक राजेश गुप्ता ने किया। इस दौरान गुप्ता ने कहा कि एक ओर इस प्रतियोगिता से नए गायकों को मंच मिला है, वहीं पर्यटन उद्योग को भी लाभ हुआ है। आयोजन कमेटी के प्रधान राकेश वजीर ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल 4 अक्तूबर को होगा। इसमें प्रथम विजेता को तीन लाख रुपये का सोना व वीनस टेप्स के साथ रिकार्डिंग कांट्रैक्ट मिलेगा। वहीं, दूसरे विजेता को एक लाख व तीसरे विजेता को पचास हजार रुपये का सोना पुरस्कार में मिलेगा।