उधमपुर। नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) की जिला इकाई के सदस्यों ने पहलगाम में पर्यटकों पर कायराना आतंकी हमले के विरोध में वीरवार को जिब थाथी में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने निहत्थे पर्यटकों को मौत के घाट उतारने वाले आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
नेकां के जिला सचिव कैप्टन पवित्र सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। उन्हाेंने कहा कि इस तरह की अमानवीय हरकत बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। इस हमले ने जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा प्रबंधों को लेकर केंद्र सरकार के बड़े-बड़े दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है। उन्होंने कहा कि इस जघन्य अपराध के लिए आतंकियों व इसमें शामिल अपराधियों की पहचान की जानी चाहिए। उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।