उधमपुर। जिले में रविवार को दो हजार से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। सैकड़ों लोग वैक्सीन लगवाने के लिए सेंटरों में पहुंचे। रविवार की छुट्टी होने के चलते रविवार को वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या थोड़ी कम रही, लेकिन सोमवार को संख्या में बढ़ोतरी की संभावना है।
जिले को कोरोना मुक्त करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन वैक्सीनेशन प्रक्रिया जोरशोर से जारी है। जब पर्याप्त स्टाक मिलता है तो हर रोज चार हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। लेकिन जब वैक्सीन की कमी होती है तो वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या 1500 के करीब रह जाती है। रविवार की छुट्टी के दिन भी हजारों की संख्या में लोग वैक्सीन लगवाने के लिए वैक्सीन सेंटर में पहुंचे हुए थे, जहां उन्हें बारी का इंतजार करना पड़ा। शाम तक 2052 लोगों को वैक्सीन लग सकी।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार रविवार को तीन स्वास्थ्य कर्मचारियों को दूसरी डोज, 24 फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरी डोज, 18 से 44 आयु वर्ग में 1327 लोगों को पहली डोज और एक को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 101 लोगों को पहली और 486 को दूसरी डोज, 11 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 99 को दूसरी डोज लगाई गई है। वैक्सीन लगवाने के लिए जिला अस्पताल सहित सभी सेंटर में सैकड़ों लोग सुबह नौ बजे पहुंच गए थे और वैक्सीन लगवाने के बाद ही घरों को लौटे। शाम तक स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन की 4410 डोज मौजूद थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सोमवार को वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।