कटड़ा । धर्मनगरी के स्थानीय विधायक बलदेव राज शर्मा ने मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न वार्ड का दौरा किया। उन्होंने कटड़ा वासियों से शहर के विकास को लेकर सुझाव मांगें। जिस पर नगर वासियों ने अतिक्रमण हटाने के साथ सभी प्रमुख गालियों के निर्माण के साथ जगह-जगह साइन बोर्ड लगाने का सुझाव दिया।
लोगों ने विधायक से पानी की किल्लत को दूर करने के लिए भी कहा। विधायक ने कहा कि सभी 13 वार्डों का वह दौरा करेंगे ताकि कटड़ा का उचित विकास संभव हो सके । विधायक ने कहा कि कटड़ा के सभी वार्डों के उचित विकास पर प्रारंभिक तौर पर पांच करोड़ पर खर्च किए जाएंगे। विकास कार्य जारी रहने पर इससे अधिक राशि भी खर्च की जा सकती है। सभी प्रमुख मार्गों के साथ ही गलियों में साइन बोर्ड लगाए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को कहीं भी आने-जाने में परेशानी न हो।
शर्मा ने कहा कि कटड़ा क्षेत्र में पानी की कमी दूर हो, इसे लेकर संबंधित विभाग के सहयोग से लगातार कार्य किया जा रहा है और जल्द ही डीपीआर बनाकर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। इस मौके पर भाजपा सिटी प्रधान कृष्ण मालाबार, रणजीत सिंह, दिवाकर शर्मा, सरदारी लाल दुबे, राकेश दुबे आदि मौजूद थे।