उधमपुर में दिशा की बैठक में मौजूद केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह व अन्य
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। केंद्र सरकार ने देविका परियोजना पर प्राथमिकता से काम किया है। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने इस योजना को रखा गया तो उन्होंने इसे तुरंत मंजूरी दे दी। यह एक ऐतिहासिक परियोजना है। इसका कार्य अंतिम चरण में है, और दिसंबर तक काम पूरा हो जाएगा। यह बात पीएमओ में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने डीसी कार्यालय में कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा से पहले कांग्रेस सहित कई पार्टियों की जम्मू-कश्मीर में सरकार रही। लेकिन, किसी ने भी देविका नदी की तरफ ध्यान नहीं दिया। लेकिन, जब प्रधानमंत्री को बताया तो उन्होंने उपहार के रूप में राष्ट्रीय नदी संरक्षण योजना के तहत इस परियोजना को मंजूरी दी। देविका घाट तैयार कर दिए गए हैं, और बचे हुए कार्य जल्द पूरे कर दिए जाएंगे। सीवरेज पाइप लाइन बिछाने और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनने के बाद इस वर्ष के अंत तक काम पूरा हो जाएगा।
बताया कि चिनैनी-सुद्धमहादेव राजमार्ग का काम भी तेजी से चल रहा है। अगले वर्ष तक यह भी तैयार हो जाएगा। इस राजमार्ग से कम समय में लोग डोडा, किश्तवाड़ पहुंच सकेंगे। चिनैनी में स्टेट ऑफ वेलनेस सेंटर का कार्य भी अंतिम चरण में चल रहा है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। कांग्रेस ने हमेशा आश्रम को नजरअंदाज किया, लेकिन भाजपा ने इसे स्टेट ऑफ वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित कर नई मिसाल कायम की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य से शहरवासियों को परेशानी हो रही है। निर्देश दिए गए हैं कि त्रुटियों को दूर कर शहरवासियों को राहत प्रदान की जाए। उधमपुर में आने वाले दिनों में नया औद्योगिक क्षेत्र तैयार करने की भी योजना है। तकनीक के क्षेत्र में केंद्र सरकार विशेष तौर पर काम कर रही है। इसी के चलते देश में अब 5जी सर्विस को भी लांच कर दिया है। भविष्य में तकनीकी कार्य 5जी पर निर्भर होंगे और इससे विकास का नया रास्ता तैयार होगा।