उधमपुर। चैत्र नवरात्र और रामदान की तैयारियों को लेकर वीरवार को एडीसी मोहम्मद सैयद खान की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में जिला अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान सुरक्षा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, प्राथमिक उपचार, स्वच्छता, दरों की जांच, फायर टेंडर, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, कचरा उठाने और पुलिस की तैनाती से संबंधित चर्चा हुई।
एडीसी ने पुलिस विभाग को त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था देने पर जोर दिया। सीएमओ को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस के साथ स्वास्थ्य टीम तैनात करने को कहा। जल शक्ति विभाग के एक्सईएन को जलापूर्ति सुनिश्चित करने और पीडीडी एक्सईएन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहर में सफाई बनाए रखने पर जोर देते हुए एडीसी ने सीईओ एमसी को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
त्योहारों के मौसम को देखते हुए दुकानदारों की ओर से चीजों के अतिरिक्त दाम लेने पर रोक लगाने के लिए तहसीलदार, सहायक निदेशक एफसीएस और सीए, सीईओ नप और खाद्य सुरक्षा अधिकारी की एक समिति का गठन किया गया। आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपने वाहन सड़क के किनारे खड़े न करें। इस दौरान दुकानदारों को भी आम जनता की जानकारी के लिए सभी आवश्यक वस्तुओं की दाम सूची प्रदर्शित करने को कहा। इसके अलावा यातायात विभाग को जाम संभावित क्षेत्रों में पर्याप्त कर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया।