उधमपुर में लंबित मांगों को लेकर बैठक करते जम्मू-कश्मीर टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्य
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जम्मू-कश्मीर टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जेकेटीजेएसी) की बैठक का आयोजन रविवार को हुआ। इसमें शिक्षकों ने स्थानांतरण नीति को लागू करने सहित कई लंबित मांगों को लेकर चर्चा की, और शिक्षा विभाग से जल्द मांगों को पूरा करने की अपील की।
बैठक का आयोजन कमेटी के जिला प्रधान लेखराज परिहार की अध्यक्षता में हुआ। इसमें प्रदेश प्रधान विनोद शर्मा भी विशेष तौर पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि आज तक सरकार ने आरईटी शिक्षकों को स्थानांतरण नीति का लाभ नहीं दिया है। आरईटी शिक्षक करीब 20 वर्षों से एक ही स्कूल में नियुक्त हैं। हजारों शिक्षकों को स्थानांतरण नीति से दूर रखा गया है। 2014 के बाद शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ देने के लिए डीपीसी भी तैयार नहीं की गई है। सभी शिक्षकों को नई पेंशन योजना के तहत नियुक्त किया गया है।
नई पेंशन योजना में उनको किसी तरह के लाभ नहीं मिल रहे। उनको कई तरह की सरकारी सुविधाओं से वंचित रखा गया है। इसलिए, मांग है कि सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना में रखा जाए। कई बार अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से अधिकारियों के सामने रख चुके हैं, लेकिन किसी ने भी इनको गंभीरता से नहीं लिया है। इसलिए, उपराज्यपाल से अपील है कि वह इसको लेकर शिक्षा विभाग को निर्देश जारी करें। इस मौके पर शाम शर्मा, प्रीतम गोस्वामी, रविंद्र सिंह राठौर, भूषण खजूरिया, शमशेर सिंह, अनिल शर्मा, विपेन रैना, शाम सिंह, आदि मौजूद थे।