किश्तवाड़। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव एवं जिले के विकास कार्यों एवं अन्य संबंधित मामलों की निगरानी के लिए प्रभारी सचिव विश्वजीत कुमार सिंह (आईएफएस) जिले में तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वीरवार को उन्होंने मिनी सचिवालय में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
जिला विकास आयुक्त अशोक कुमार शर्मा ने प्रमुख सचिव को जिले की रूपरेखा और जिले में क्रियान्वित की जा रही विभिन्न प्रतिष्ठित परियोजनाओं की स्थिति से अवगत कराया। बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ने परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय स्थिति जानी। और, संबंधित क्रियान्वयन एजेंसियों और विभागों को कार्य की गति में तेजी लाकर इन्हें निर्धारित समय अवधि में पूरा करने पर जोर दिया।
जिले में जल शक्ति मिशन के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए उन्होंने एक्सईएन पीएचई को 2022 तक जिले के सभी घरों में पानी का कनेक्शन प्रदान करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने नायगढ़ जलापूर्ति योजना की स्थिति की भी समीक्षा की। साथ ही उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को बिना किसी असफलता के सप्ताह के भीतर अपने कार्यालय में तर्कसंगत आधार पर विलय किए जाने वाले स्कूलों की सूची प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
प्रमुख सचिव ने 14 एफसी, मनरेगा, पीएमएवाई (ग्रामीण और शहरी), एसबीएम, बी2वी और सुस्त पड़े कार्यों के निष्पादन की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले में कृषि, बागवानी, पशुपालन समाज कल्याण विभाग, मत्स्य श्रम विभाग जैसे विभिन्न क्षेत्रों के तहत विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लाभ की विस्तार में प्रगति की जानकारी ली, और संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए प्रयास करने पर जोर दिया।
बाद में उन्होंने उपमंडल छात्रू का दौरा किया और गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज के चल रहे सिविल कार्य की प्रगति जांची। मौके पर डीजीएम जेकेपीसीसी को कार्य की गति में तेजी लाने का निर्देश दिया। रास्ते में उन्होंने मुगल मैदान में मछली फार्म का निरीक्षण किया, और केजीबीवी बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। शाम को उन्होंने 100 बिस्तरों वाले आईपीडी और जिला अस्पताल में अतिरिक्त ब्लॉक और 1500 एलपीएम और 500 एलपीएम ओजीपी पर चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त शाम लाल, अतिरिक्त उपायुक्त किशोरी लाल शर्मा, संयुक्त निदेशक योजना मोहम्मद इकबाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र खालिद हुसैन मलिक, सब डिविजनल मजिस्ट्रेट छात्रू इंद्रजीत सिंह परिहार, सहायक आयुक्त राजस्व अख्तर हुसैन काजी, सहायक आयुक्त विकास किशोर सिंह कटोच, आदि मौजूद रहे।
फोटो...शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने जिला किश्तवाड़ का दौरा किया और विकास कार्यों की समीक्षा की।- फोटो : UDHAMPUR