उधमपुर। व्यापार मंडल ने मापतोल विभाग के सहयोग से मुखर्जी बाजार स्थित अपने कार्यालय परिसर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया। इसमें दुकानदारों के मापतोल उपकरणों (कंड्डे-बट्टे) की जांच एवं सत्यापन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया और अपने उपकरणों की स्टॉम्पिंग करवाई।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने बताया कि व्यापारियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए मापतोल विभाग और सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) के सहयोग से यह कैंप आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि चूंकि मापतोल विभाग का कार्यालय शहर से बाहर स्थित है, इसलिए व्यापारी अपनी व्यस्त दिनचर्या में वहां बार-बार नहीं जा पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यापार मंडल अब समय-समय पर अपने कार्यालय में ही इस सुविधा को उपलब्ध करा रहा है।
उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की है कि अगर उन्हें किसी अन्य विभाग से संबंधित कोई परेशानी हो रही है तो व्यापार मंडल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस शिविर से व्यापारियों को एक ही स्थान पर अपने मापतोल उपकरणों का सत्यापन कराने और जरूरी दस्तावेजों को अपडेट करवाने की सुविधा मिली।