उधमपुर। ब्लाॅक टिकरी की मांड ईस्ट पंचायत में अब जल्द ही 10 किलोलीटर क्षमता का मल कीचड़ उपचार संयंत्र (एफएसटीपी) स्थापित किया जाएगा।
परियोजना स्वच्छ भारत मिशन के तहत शुरू की जा रही है। इसके लिए साढ़े 57 लाख रुपये का फंड रखा गया है। ग्राम विकास और पंचायती राज विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। विभागीय जानकारी के मुताबिक संयंत्र का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य के स्तर को बेहतर बनाना है।
मल कीचड़ का उचित निस्तारण न होने से विभिन्न स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में सफाई सुविधाओं का अभाव होता है। क्षेत्रवासियों ने पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि यह परियोजना न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि ग्रामीणों के स्वास्थ्य और जीवन स्तर में भी सुधार लाएगी।
विमल शर्मा, निर्मला देवी, संजीव गुप्ता, राजीव व अन्य ने कहा कि मल कीचड़ उपचार संयंत्र की स्थापना से जल व भूमि प्रदूषण में कमी आएगी और साथ ही जल पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ेगी।