धार रोड स्थित कोआपरेटिव सोसायटी प्राइवेट बैंक के मैनेजर के खिलाफ पुलिस ने महिला सहकर्मी को थप्पड़ मारने का मामला दर्ज किया और उसे हिरासत में ले लिया है। हालांकि बैंक अधिकारी ने इस आरोप से इनकार किया है।
दर्ज मामले के अनुसार महिला को बैंक में नए खाते खुलाने के लिए अस्थायी एजेंट के तौर पर नियुक्त किया गया था। बैंक के अधिकारी कासिब मलिक ने उसे चार लाख रुपये के तय अवधि के खाते खुलाने का टारगेट दिया था।
उसे कहा गया कि अगर महिला टारगेट पूरा कर लेगी तो उसके स्थायी तौर पर बैंक में नियुक्त कर लिया जाएगा। महिला ने अपना टारगेट पूरा करने के बाद अधिकारी से कहा कि अब उसे पक्का करें।
महिला के अनुसार मलिक अक्सर उसे इस मामले पर टालता रहा। वीरवार को भी वह बैंक आई। उसने मलिक को नियमित करने के लिए कहा। मलिक ने उसका टारगेट और बढ़ा दिया।
इस पर दोनों के बीच काफी बहस हुई। मलिक ने अपने आफिस का दरवाजा बंद कर थप्पड़ जड़ दिया। इस पर बैंक में हो-हल्ला होने लगा। बैंक में हालांकि केवल दो कर्मचारी ही हैं।
महिला ने अपने करीबी को फोन कर बैंक में बुलाया। आरोप है कि मलिक ने हाथापाई और धक्का-मुक्की की। महिला थाने चली गई। पुलिस को पूरा मामला बताया। पुलिस ने केस दर्ज करआरोपी को हिरासत में ले भी लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी और महिला एक ही मोहल्ले के निवासी हैं। बैंक अधिकारी ने कहा कि उसने महिला को थप्पड़ नहीं मारा, केवल बहस हुआ। आरोप बेबुनियाद है।