कटड़ा। धर्मनगरी में लगातार दूसरे दिन भी मौसम बिगड़ा रहा है। मुसलाधार बारिश और तेज हवाओं के चलते लगातार दूसरे दिन भी हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही, जिस कारण ऑनलाइन बुकिंग करवाए श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग से ही भवन की ओर जाना पड़ा है। उधर, तापमान में गिरावट के बावजूद मां वैष्णो के भक्तों में उत्साह है। शाम छह बजे तक करीब 15 हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
बुधवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा है। सुबह हुई मुसलाधार बारिश के बीच श्रद्धालुओं को भवन की ओर जाने में कुछ दिक्कत हुई। लेकिन बाद में मौसम में कुछ सुधार होते ही भक्तों ने भवन की ओर प्रस्थान किया। बारिश, हवाएं चलने से बुधवार को दूसरे दिन भी हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही, लेकिन रोपवे और बैटरी कार सेवा जारी है। बारिश के चलते धर्मनगरी और त्रिकुटा भवन के तापमान में गिरावट आई है। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार मंगलवार को 22443 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वहीं, बुधवार को शाम छह बजे तक करीब 15 हजार भक्त भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।