जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक में आवेदनों की समीक्षा की
उपायुक्त मिंगा शेरपा ने दिए लेटलतीफी रोकने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेेंसी
उधमपुर। जिले के युवाओं को सशक्त बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए जिला सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त मिंगा शेरपा की अध्यक्षता में हुई ''जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति'' की इस बैठक में मिशन युवा योजना के तहत आए आवेदनों की गहन समीक्षा की गई।
विस्तृत जांच के बाद समिति ने नैनो उद्यमों और एमएसएमई सहित विभिन्न श्रेणियों के तहत वित्तीय सहायता के लिए 279 ऋण मामलों को मंजूरी दे दी। योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त मिंगा शेरपा ने सभी संबंधित विभागों और बैंकिंग संस्थानों को आपस में बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उभरते हुए युवा उद्यमियों को समय पर आर्थिक मदद मिल सके, इसके लिए लोन की मंजूरी, स्वीकृति और वितरण से जुड़ी सभी कागजी प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द निपटाया जाए। डीसी ने चेतावनी दी कि प्रशासनिक लेटलतीफी के कारण किसी भी महत्वाकांक्षी युवा का काम नहीं रुकना चाहिए।
ठोस एक्शन प्लान तैयार करने, योजना की रोजाना प्रगति रिपोर्ट देने को कहा
बैठक में जिले के सभी उपमंडलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवेदनों की संख्या बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। डीसी ने अधिकारियों को एक ठोस एक्शन प्लान तैयार करने और योजना की प्रभावी निगरानी के लिए रोजाना प्रगति रिपोर्ट सौंपने को कहा है। इस बैठक में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त जुगल किशोर, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र किशोर सिंह कटोच, सहायक निदेशक रोजगार प्रियंका गुप्ता सहित बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।